सहकारिता मंत्री डॉ. सुरेंद्र यादव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) कोटे से सहकारित मंत्री डॉ. सुरेंद्र यादव अमर्यादित और अनियंत्रित टिप्पणियों के लिए चर्चा में रहते हैं। सेना में अग्निवीरों की भर्ती के बहाने उन्होंने भारतीय सेना पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश बेचने वाला तक कह डाला था। वैसे महिलाओं को लेकर उनका बयान भी चर्चा में रहा है। इस बार हाफ पैंट वाली मैम कहने वाले मामले में कानूनी दायरे में आ गए हैं, लेकिन पहले बचते रहे हैं। उन्होंने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लक्ष्य करते हुए बागेश्वर धाम को लेकर भी महिलाओं से जोड़ते हुए अमर्यादित टिप्पणी की थी।
यह वीडियो/विज्ञापन हटाएं
सेना, अग्निवीर और प्रधानमंत्री पर टिप्पणी
सुरेन्द्र यादव ने 23 फरवरी को सेना और प्रधानमंत्री के खिलाफ विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि “गुजरात के लोग सेना में नहीं जाना चाहते हैं और देश की रक्षा नहीं करना चाहते हैं। आज से ठीक साढ़े 8 साल बाद देश का नाम (बेहद आपत्तिजनक शब्द) फौज में आएगा। साढ़े आठ साल बाद जितने भी सेना में पुराने लोग हैं, वह रिटायर कर जाएंगे और यह जो साढ़े चार साल वाले अग्निवीर हैं, जो बहाल होंगे। उनकी तो ट्रेनिंग ही पूरी नहीं होगी। वह रिटायर होकर वापस चले जाएंगे। ऐसे रिटायर फौजियों की शादी भी नहीं होगी। चाय बेचने वाला देश को बेचने चला है।”
उनकी मां-बहन बागेश्वर दरबार में क्यों नहीं जाती
5 मई को फतेहपुर प्रखंड के गुरपा में सुरेंद्र प्रसाद यादव ने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री और प्रधानमंत्री मोदी पर विवादित बयान दिया था। सुरेंद्र यादव ने कहा था- “बागेश्वर बाबा बेटी और बहनों को भूत के नाम पर नचाते हैं और वहां महिलाओं का कपड़ा खुल जाता है। जो लोग बागेश्वर बाबा का समर्थन कर रहे हैं, उनकी मां और बहन खुद दरबार में क्यों नहीं जाती है? बागेश्वर बाबा के दरबार में जो महिलाएं सुनने जाती है, वहां उनका कपड़ा खुल जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास भगवान राम नहीं है क्योंकि उनकी स्थापना तो अयोध्या में हो गई है। अब हनुमान को लाए हैं और उसी की सभी जगह खुद चर्चा कर रहे हैं।”